भारतीय संविधान के अनुसार महिलाओं को भी नियोजन में पुरुष के समान अधिकार प्राप्त हैं। पर नियोजन के संदर्भ में उनकी स्थिति पुरुषों से बहुत भिन्न है। सर्व प्रथम तो नियोजित महिलाओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले बहुत कम है। 1971 की जनगणना के अनुसार राजस्थान में 8.34 प्रतिशत महिलाएं कार्यशील थीं, जबकि पुरुषों का औसत 52.09 प्रतिशत था। इसमें शहरी क्षेत्र में 3.86 प्रतिशत महिलाएं नियोजित थीं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में इनका प्रतिशत 9.27 था। यही प्रतिशत पुरुषों के संदर्भ में क्रमशः 45.08 और 53.63 था। इसके अतिरिक्त शहरी क्षेत्रों में पढ़ी लिखी महिलाओं की संख्या में वृद्धि के कारण नियोजन के लिए सुलभ महिलाओं की संख्या भी बढ़ती जा रही है, पर उन्हें काम नहीं मिलता। समस्या केवल काम न मिलने की ही नहीं, वरन् उपयुक्त कार्य न मिलने की भी है।
दूषित मनोवृत्ति
कुछ समय तक शहरी क्षेत्र में शिक्षा और चिकित्सा संबंधी कार्यों में ही महिलाएं काम करती देखी जाती थीं पर अब अनेकों क्षेत्रों—दफ्तरों में क्लर्क, टाइपिस्ट, स्टेनो, टेलीफोन आपरेटर, आफीसर आदि—में वे काम करते देखी जाती हैं। पर हर क्षेत्र में महिला के लिए काम करना सहज नहीं है। ऐसे कार्यों में जहां दौरे का काम करना भी जरूरी होता है या रात की ड्यूटी होती है, या पुरुषों के बीच में काम करना होता है, महिला को बड़ी कठिनाई होती है। इसका कारण यह नहीं कि वह कार्य करने से कतराती है या उसमें ऐसी क्षमता नहीं है वरन् इसका कारण समाज का दूषित वातावरण है, जिसमें वह अपने को असुरक्षित पाती है। वह ऐसे कार्यों को करने में बड़ी कठिनाई में पड़ जाती है। उन्हें या तो वह स्वीकारती ही नहीं या मजबूरी में स्वीकार कर लेने पर उक्त परिस्थितियों में काम करने को किसी न किसी तरह टालने की कोशिश करती है या पुरुष का सहारा लेती है। ऐसी स्थिति में जहां दूषित वातावरण के लिए पुरुष प्रमुखतया जिम्मेदार है (क्योंकि नारी को पुरुष से ही डर है), सारा दोष महिला पर मढ़ दिया जाता है। यह देखा जाता है कि शिक्षा में पूरी योग्यता प्राप्त कर लेने व अच्छे से अच्छे नम्बर प्राप्त कर परीक्षा पास कर लेने पर भी जब नौकरियों के लिए चुनाव का अवसर आता है तो शिक्षा संबंधी प्रश्नों का बढ़िया उत्तर देने पर भी महज इसी कारण कि ‘फील्ड ड्यूटी’ में उसे असुविधा होगी, पुरुषों से जाकर संपर्क के कार्य वह नहीं कर सकेगी, उसका चुनाव नहीं होता। यदि चुनाव हो भी गया तो वातावरण की प्रतिकूलता से महिला अपने को एक विशेष संकट में पाती है, जहां चाहते हुए व पर्याप्त क्षमता होते हुए भी वह कार्य करने में असमर्थ रहती है। ऐसी स्थिति में उस पर अयोग्यता का दोषारोपण होकर उसे जो अपमानित व हतोत्साहित होना पड़ता है, उस वेदना को भुक्तभोगी ही जान सकते हैं। अतः न केवल आवश्यकता है कि महिलाएं अधिक से अधिक नौकरियों में ली जाएं वरन् सामाजिक वातावरण जिसमें उन्हें कार्य करना है भी पर्याप्त शुद्ध हो, यानी महिला कहीं भी निधड़क होकर आ-जा सके और वह सब जगह और सब समय अपने को सुरक्षित महसूस कर सके।
वही रट
देश में नियोजन के अवसरों का अभाव भी महिलाओं के नियोजन में बाधा है। जिस देश में बाहर जाकर काम करना महिला के लिए सामान्य बात न हो और पुरुष ही सामान्यतया ऐसा करते हों और उनके लिए भी नियोजन के पर्याप्त अवसर सुलभ न हों वहां महिलाओं का नौकरियों में आना पुरुषों के नियोजन के अधिकार को छीनना सा माना जाना स्वाभाविक है। इसीलिए कई बार पुरुष वर्ग की ओर से यह सुनने में आता है कि ये (महिलाएं) क्या करेंगी नौकरियों में आकर, इससे तो बेकारी की समस्या और बढ़ेगी या यह कि आपने नौकरी में आकर बेचारे किसी पुरुष का हक छीन लिया जिससे वह पूरी गृहस्थी चलाता। अतः आवश्यकता है कि न केवल पुरुष वर्ग स्वस्थ दृष्टिकोण अपनाए वरन् महिलाएं भी नियोजन के लिए अपनी रुचि और सुविधा के अनुसार नए अवसर बनाएं—यथा रेडीमेड कपड़े बनाना व बेचना, होटल व रेस्टोरेंट चलाना जिनमें सस्ता और स्वच्छ भोजन सुलभ हो सके, देश की मांग के अनुसार उपयुक्त शिक्षण संस्थाएं चलाना आदि। इससे न केवल नियोजन के नए अवसर बढ़ने से पुरुषों के नियोजन के अवसर सुरक्षित रहेंगे वरन् महिलाओं को अपनी रुचि का कार्य मिलने से वे अपनी क्षमता का पूरा उपयोग कर सकेंगी। इससे उन्हें पुरुषों का सम्मान व सहयोग भी अधिक मिलेगा जो कि उन्हीं के क्षेत्र में काम करने से प्रायः नहीं मिल पाता।
कहां रहें ?
महिलाओं के लिए उपयुक्त आवास की व्यवस्था सुलभ न होना भी उनके नियोजन में एक भारी बाधा है। अच्छी शिक्षा प्राप्त करके पुरुषों के साथ ‘काम्पीटीशन’ में भी उच्च से उच्च स्थान प्राप्त कर लेने पर महिला को जब अपना घर छोड़कर अन्य स्थान पर जाकर कार्यभार संभालने के आदेश मिलते हैं तो यकायक उसका सारा मनोबल ढह जाता है। उस समय उसे अपनी सभी उपलब्धियां मानो नगण्य सी लगने लगती हैं, वह या तो यही कोशिश करती है कि उसकी ‘पोस्टिंग’ उसके पिता या पति के निवास स्थान पर ही संभव हो जाए या फिर जहां कहीं उसके संबंधी या मित्र हों, वहां हो जाए। ऐसा न होने पर वह नए स्थान में जाकर कार्य करने में अपने को असमर्थ पाती है और ऐसी स्थिति में सामान्यतया लम्बी छुट्टी लेना, प्रमोशन के अवसर छोड़ देना या पद से त्यागपत्र देना, केवल मात्र यही विकल्प उसे नजर आते हैं। परिस्थितियों से लड़ने का संकल्प लेकर कुछ जोशीली और अधिक क्षमतावान महिलाएं इस ‘चैलेन्ज’ को स्वीकार करके यदि बिल्कुल नए स्थान में चली भी जाती हैं तो आधी से ज्यादा क्षमता का दुरुपयोग तो अकेले नए स्थान की कठिनाइयों—यथा उपयुक्त आवासीय व्यवस्था व अपने को सुरक्षित महसूस करना—से जूझने में ही होता है। परिस्थितियों की प्रतिकूलता से जूझते जूझते कुछ समय बाद वह अत्यंत थक जाती है और अपने कार्य को बोझिल सा मानने लगती है। इसीलिए बहुत सी महिलाएं यह सोचने पर विवश हो जाती हैं कि महिला के लिए उसका गृह क्षेत्र ही ठीक है। अतः महिला के सामाजिक कार्यों में कुशल भागीदार बन सकने के लिए यह आवश्यक है कि उसके लिए नियोजन के साथ-साथ आवासीय व्यवस्था भी उपयुक्त हो। बड़े शहरों में जहां कार्यशील महिलाओं की संख्या पर्याप्त है, उनके कार्य के स्थानों के निकट आवश्यकतानुसार आवासीय होस्टल बनें और जहां उनकी संख्या कम है वहां नियोजक की ओर से उचित आवासीय व्यवस्था हो।
कोप दृष्टि
यह भी देखा जाता है कि पुरुष वर्ग अब भी महिलाओं की क्षमता व कार्यकुशलता के प्रति आश्वस्त नहीं है। समान या अधिक ‘एकेडेमिक’ योग्यताएं होने पर भी पुरुष वर्ग महिला कर्मचारी की कार्यकुशलता को संदेह की दृष्टि से देखता है। इसीलिए महिला कर्मचारी को पग-पग पर अपने कार्य करने में बड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। महिला कर्मचारी की छोटी सी गलती को भी बहुत बढ़ा-चढ़ा कर देखा जाता है, जबकि पुरुष कर्मचारी की वैसी गलती की उपेक्षा कर दी जाती है। वातावरण की प्रतिकूलता के कारण दफ्तर के बाद रुकना या छुट्टी के दिन आना आदि कार्यों से जो कि कभी-कभी करने होते हैं यदि उसे छुट्टी मिल जाती है तो उसके बदले उससे और दिनों में बहुत अधिक कार्य करने की अपेक्षा की जाती है और पुरुष कर्मचारी को यह कहते सुना जाता है कि अमुक कार्य महिला कर्मचारी से कराओ क्योंकि ये आफिस के बाद भी नहीं रुकतीं और न छुट्टी के दिन ही आ सकती हैं। महिला कर्मचारियों के प्रति पुरुषों का दृष्टिकोण यदि अधिक उदार, सहयोगी व सम्मानीय हो तो महिलाएं सामाजिक कार्यों को अधिक कुशलता से कर सकेंगी।
जहां महिला कर्मचारी के ‘बॉस’ उसकी क्षमता के प्रति आशंकित रहते हैं उसके नीचे काम करने वाले कर्मचारी भी उसे वह सम्मान नहीं दे पाते जो एक पुरुष अधिकारी को देते हैं। महिला उच्च अधिकारी के लिए इस प्रकार के वाक्य भी सुनने को मिल जाते हैं “अरे क्या हुआ उच्च अधिकारी है पर है तो लुगाई ही, इससे तो कुछ भी करा लेंगे”। अतः आवश्यकता इस बात की है कि महिला कर्मचारी के महिला स्वरूप को अधिक महत्व न देकर उसके कर्मचारी के स्वरूप को महत्व दें, जिससे वे नियोजन में अधिक से अधिक सफलता प्राप्त कर सकें।
कानाफूसी
महिला कर्मचारी के पुरुषों के प्रति व्यवहार को भी बड़ी शंका की दृष्टि से देखा जाता है। यदि कोई महिला कर्मचारी किसी पुरुष कर्मचारी का सहयोग लेती है या उससे मित्रता का व्यवहार रखती है तो यह भी सभी को सह्य नहीं होता। इस विषय में भी कानाफूसी चलती है, और हार कर महिला कर्मचारी को अपने तक ही सीमित रहना पड़ता है। ऐसे बोझिल वातावरण में महिला कर्मचारियों की कार्यक्षमता का ह्रास होता है, वे अपनी क्षमता का सदुपयोग नहीं कर पातीं और कुछ तो इतनी निराश हो जाती हैं कि पदत्याग करने की स्थिति में आ जाती हैं। यदि वातावरण स्वस्थ हो, महिला कर्मचारी के व्यवहार को अनावश्यक रूप से शंका की दृष्टि से न देखा जाए तो वह रुचिपूर्वक कार्य करके अपनी क्षमता का पूरा उपयोग कर सकती हैं और ऑफिस कार्यों की ओर अधिक प्रेरित हो सकती हैं।
महिला कर्मचारियों की अन्य बाधाएं हैं उन पर गृहस्थी का बोझ और बच्चों के पालन-पोषण का भार। यदि पति महोदय को ऑफिस के अतिथि या मित्र को ‘लंच’ या ‘डिनर’ देना है, तो पति महोदय अपनी कार्यशील पत्नी को आफिस में फोन करके कि अमुक संख्या के अतिथियों के ‘लंच’ या ‘डिनर’ का इंतजाम करना है, अपने कर्त्तव्य की इतिश्री मान लेते हैं। उन्हें इस बात की चिंता नहीं रहती कि उनकी पत्नी के पास आफिस का भी कोई आवश्यक कार्य हो सकता है, जिसके कारण ‘लंच’ या ‘डिनर’ का इंतजाम करना उसके लिए संकट का कारण बन सकता है। अतः कार्यशील महिलाएं यदि गृहस्थी के भार से मुक्त हों तो वे अपने कार्य को अधिक कुशलता से कर सकती हैं और सामाजिक कार्यों में अधिक भागीदार बन सकती हैं। इसके लिए गृहस्थी के कुछ कार्यों यथा भोजन बनाना आदि का ‘कम्युनिटी किचन’ जैसी व्यवस्था कर समाजीकरण किया जा सकता है। बच्चों के पालन-पोषण का भार भी महिलाओं के नियोजन में बड़ी बाधा बन जाता है। कुछ हफ्तों के लिए मिलने वाली ‘मेटरनिटी लीव’ बच्चे के पालन-पोषण के लिए नितान्त अपर्याप्त होती है। अतः मां बनने पर कई महिलाएं नौकरी छोड़ने पर मजबूर हो जाती हैं। जब तक बच्चे के पालन-पोषण का पूरा उत्तरदायित्व समाज स्वीकार नहीं करता तब तक भी महिला के कार्य स्थान पर उसके बच्चे की देखभाल का कुछ प्रावधान होना ही चाहिए, जिससे कार्य के साथ-साथ बच्चे के पालन पोषण की जिम्मेवारी उसे त्रस्त न बना सके।
शक्ति ह्रास
इस प्रकार हम देखते हैं कि सामाजिक कार्यों में आने वाली महिलाओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले बहुत कम है और जो काम करने आ भी जाती हैं उनमें से अधिकांश को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिनसे जूझने में उसकी अमूल्य क्षमता का अनावश्यक रूप से ह्रास होता है। अतः यदि हम चाहते हैं कि महिला भी देश के विकास में सफल भागीदार बने तो हमें उसकी सभी उचित कठिनाइयों के विषय में गंभीरता से सोच कर उनका समुचित हल निकालना होगा।
– सावित्री गुप्ता, — इतवारी पत्रिका — नारी जगत, 9 मई 1976 जयपुर।